
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक सर चढ़कर बोलने लगा है. जहां चोरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि चोर कॉलोनी और बस्तियों में चोरी से पहले पोस्टरबाजी व पर्चा छोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं. मतलब चोर अब नक्सलियों के तर्ज पर पोस्टरबाजी व पर्चा छोड़ कर क्षेत्र के लोगों में दहशत पैदा कर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं. इतना ही नहीं क्षेत्र के घरों में पत्थरबाजी की भी घटना हो रही है. जिससे लोग दहशत में हैं. ताजा घटना भाटिया बस्ती स्थित भुवनेश्वरी काली मंदिर की है, जहां बीती रात चोरों ने मंदिर पर लगे गुंबदों से कलश की चोरी कर ली. बताया जाता है, कि मंदिर पर 8 गुंबद लगे हुए थे जो लोहे के थे. बीती रात उनमें से 7 गुम्बदों की चोरी हो गई है. इसको लेकर मंदिर कमेटी और बस्ती वासियों का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को कदमा थाना पहुंचा. इनके साथ कांग्रेस के नेता भी पहुंचे. उन्होंने कदमा थाना प्रभारी से मुलाकात कर क्षेत्र में हो रहे चोरी की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए बताया, कि अगर 48 घंटे के भीतर पुलिस चोरों पर नकेल कसने में सफल नहीं होती है, तो आगे जिले के एसएसपी एवं राज्य के वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा. कुल मिलाकर कदमा थाना क्षेत्र में चोरों के आतंक से लोग भयभीत हैं.





