
जमशेदपुर : सेफ (सेफ्टी अवेयरनेस फॉर एवरीवन) ने टाटा स्टील के सहयोग से शनिवार को छात्रों और शिक्षकों पर कोविड-19 के प्रभाव विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया. वेबिनार की अध्यक्षता सेफ की चेयरपर्सन रुचि नरेंद्रन ने की. उन्होंने मास्क पहनने, कोविड के उचित व्यवहार, आशा की किरण के रूप में कोविड वैक्सीन, टीकाकरण अभियान में छात्रों की भूमिका सहित अन्य संबंधित विषयों पर जोर दिया. नीरज सिन्हा, चीफ सेफ्टी, टाटा स्टील ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और सेफ टीम को उसकी उपलब्धियों और सफलता के लिए बधाई दी. कर्नल डॉ अनुज भटनागर, हेड पब्लिक हेल्थ, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी डिपार्टमेंट, टाटा स्टील ने कोविड 19 से संबंधित जानकारी और भ्रांतियों को साझा किया. शिक्षकों और छात्रों द्वारा कोविड 19 से संबंधित कई सवाल उठाये गये. डॉ भटनागर ने छात्रों से महामारी के खिलाफ लड़ाई में भाग लेने की अपील की. उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे टीकाकरण के लिए कोविन एप पर स्लॉट बुक करने में ऐसे लोगों की मदद करें, जिन्हें इंटरनेट की कम जानकारी है. उन्होंने प्रतिभागियों को सोशल मीडिया में कोविड 19 संबंधित गलत सूचनाओं से दूर रहने का भी सुझाव दिया. सत्र का संचालन वेबएक्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया गया था. जमशेदपुर के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 1500 छात्र, शिक्षक, प्राचार्य और सेफ समन्वयक सत्र से ऑनलाइन माध्यम से लाभान्वित हुए.





