
जमशेदपुर : जमशेदपुर ट्रक ट्रेलर ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की एक बैठक एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलविन्दर सिंह पन्नु की साकची स्थित कार्यालय में सम्पन्न हुई. इसमें परिवहन व्यवसाय में आयी भयानक मंदी पर विचार-विमर्श किया गया. बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलविंदर सिंह ने कहा कि परिवहन व्यवसाय पहले से ही मंदी की मार झेल रहा था. इसके बाद कोविडा 19 के अलावा टोल टैक्स एवं वाहनों के कागजात, इश्योरेन्स टैक्स, फिटनेस के चार्ज में वृद्धि हो गई. वाहनों का भाड़ा आज से 10 वर्ष पूर्व में जो था वहीं भाड़ा वाहन मालिक को आज भी दिया जा रहा है. इसके कारण ज्यादातर वाहन मालिक अपनी गाड़ी की किश्ती देने में सक्षम नहीं है और ना ही टैक्स, इंश्योरेन्स एवं फिटनेस करने में सक्षम है. ज्यादातर वाहन मालिक अपने वाहनों को कंपनियों में जमा करवाने के लिये मजबूर हो रहे है और वाहन मालिक भूखमरी की कगार पर गये हैं. अपने संबोधन में श्री पन्नु ने कहा कि झारखण्ड प्रदेश का परिवहन व्यवसाय टाटा स्टील एवं उनकी अनुषंगी इकाइयों पर ही ज्यादातर निर्भर करता है इसलिए एसोसिएशन को टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज एवं जिला उपायुक्त से मिलकर एक मांग पत्र सौंपा जाए और बढ़े हुए खर्च के हिसाब से माल भाड़े में वृद्धि की जाये, यह मांग की जाये. अपने विचार व्यक्त करते हुए एसोसिएशन के सचिव धनंजय सिंह ने कहा कि परिवहन मंत्री से मिलकर लाइसेंस, फिटनेस एवं परमिट फीस में की गयी वृद्धि को वापस लेने की मांग की जाये. सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा निर्णय लिया गया कि भाड़े में वृद्धि को लेकर एवं अन्य विषयों पर एक पांच सूत्री मांग पत्र टाटा स्टील लिमिटेड वीपी कारपोरेट सर्विसेज और डीसी से मिलकर सौंपा जाए और पांच सूत्री मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए आग्रह किया जाये. यदि एसोसिएशन की उचित मांगों को जल्द से जल्द पूरा नहीं किया जाता है तो एसोसिएशन चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने के लिये बाध्य होगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी टाटा स्टील प्रबंधन एवं जिला प्रशासन की होगी. बैठक में मुख्य रूप से एसोसिएशन के महामंत्री बीरबल ओझा, वरीय उपाध्यक्ष कमलेश यादव, गुरुचरण सिंह बिल्ला, सचिव धनंजय सिंह, अशोक सिंह, कृपाल सिंह सिद्धू, धर्मेन्द्र प्रसाद, हरविन्दर सिंह, रामाशीष यादव आदि उपस्थित थे. अंत में धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएशन के महामंत्री बीरबल ओझा द्वारा किया गया.






