
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई स्थिति संकटा सिंह पेट्रोल पंप के पास सड़क की स्थिति काफी जर्जर है. यहां आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं. इस मामले को लेकर शनिवार को कांग्रेस पोटका प्रभारी अजय मंडल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिलने पहुंचा. इस मामले की ओर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट करने के लिए उनके नाम एक ज्ञापन सौंपा गया. अजय मंडल ने कहा कि आए दिन सड़क दुर्घटना में लोग घायल हो रहे हैं. बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं. बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित होने के बावजूद सभी बड़े वाहन ओवर ब्रिज से होकर गुजर रहे हैं. इससे छोटे वाहनों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है. उपायुक्त से उन्होंने निवेदन किया है कि जल्द से जल्द मरम्मत का कार्य शुरू किया जाए. इस दौरान कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, सुल्तान अहमद प्रखंड संयोजक, रतन रजक, राजेंद्र सिंह, निरंजन सिंह, लाखन सिंह, विनय अधिकारी के अलावा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.





