
जमशेदपुरः जमशेदपुर के आजादनगर थाना अंतर्गत रोड नंबर एक के पास निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल में रंगदारी मांगने के उद्देश्य से आए अपराधियों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. इधर मॉल के मालिक नेहाल नाफिज ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. पुलिस को मौके से एक खोखा भी मिला था. पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर अपराधियों की पहचान कर रही है. (नीचे भी पढ़े)
इस मामले को लेकर नेहाल ने बताया कि मॉल में उनके साथी शकिल खान और अकरम खान का भी हिस्सा है. मॉल का काम काफी दिनों से चल रहा है. अभी तक ऐसी घटना नहीं हुई है. आज सुपरवाइजर ने फोन कर जानकारी दी कि एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और काम बंद करने की धमकी दी. (नीचे भी पढ़े)
काम रोकवाने के बाद सभी बाहर जाते जाते हवाई फायरिंग कर चले गए. सूचना पाकर वे मौके पर पहुंचे. उन्होने बताया कि रंगदारी के लिए ना तो उन्हे फोन आया है और ना ही किसी से उनकी दुश्मनी है. हालांकि पुलिस इस मामले को रंगदारी से जोड़कर जांच कर रही है.





