
जमशेदपुर : शुक्रवार को जमशेदपुर समेत आस-पास के इलाकों में धूप-छांव जारी है. दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम थोड़ा खुशनुमा हो गया था, परन्तु धूप-छांव के बीच गर्मी बढ़ने लगी है. जमशेदपुर में शुक्रवार को धूप निकलने के बाद बारिश से थोड़ी राहत मिली है. मौसम विभाग के मुताबिक एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी झारखंड के ऊपर बना हुआ है. इसके बिहार की सीमा और राज्य के उत्तरी भाग पर केंद्रित रहने की संभावना है. शुक्रवार को राज्य के उत्तरी हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. वहीं दो, तीन व चार अक्टूबर को राज्य के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. वहीं आज (शुक्रवार) झारखंड के उत्तरी क्षेत्र के पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, देवघर और दुमका में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के आसार है. पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में चार अक्टूबर तक पूरे राज्य में बारिश होने की संभावना है.




