
रांची : दुर्गा पूजा में भोग बनाने और उसको देने को लेकर जमशेदपुर समेत तमाम जिलो में हंगामा के बीच यह सुखद खबर आयी है. राज्य सरकार ने साफ किया है कि 16 सितंबर को ही जारी किये गये गाइडलाइन के 16 नंबर प्वाइंट में स्पष्ट किया गया है कि प्रसाद को होम डिलीवरी की जा सकती है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने खुद ट्विट कर कहा है कि ”16 सिंतबर को जारी गाइडलाइन के 16 नम्बर पॉइंट पर स्पष्ट हैं कि “There is no restrictions on home delivery of Prasad”. अतः इस गतिरोध को समाप्त कर मां दुर्गा की आराधना की तैयारी की जाए, आइये हम सभी मां गौरी से विनती करें कि झारखंड राज्य जल्द कोरोना से मुक्त हो.

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के दो टूक जवाब के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि पूजा कमेटियों में भोग बन सकता है, लेकिन उसको बैठाकर वहां परोसा नहीं जा सकता है और होम डिलीवरी की जा सकती है. दुर्गा पूजा को लेकर जो गाइडलाइन किया गया है, उसके 16वें नंबर पर लिखा गया है कि कोई भी सामुदायिक खाना नहीं परोसा जायेगा या प्रसाद या भोग का वितरण नहीं होगा. लेकिन प्रसाद के होम डिलीवरी में किसी तरह का रोक नहीं रहेगा. इसको ही इंगित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि यह तो आदेश साफ है कि आप भोग बनाकर होम डिलीवरी कर सकते है, सिर्फ आयोजन स्थल पर किसी को सामुदायिक तौर पर खाना नहीं खिला सकते है या भोग या प्रसाद परोस सकते है. दूसरी ओर, रांची में एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि कोरोना कंट्रोल पर है. केस काफी कम हो रहे है, लेकिन लोगों को अब भी सतर्कता जरूरी है. टीकाकरण भी तेज किया गया है, लेकिन सतर्कता नहीं घटनी चाहिए. उन्होंने कहा है कि अगर यहीं स्थिति रहेगी तो रिकवरी रेट 100 फीसदी हो जायेगी और कोरोना मुक्त राज्य झारखंड भी हो जायेगा.







