
मुसाबनी : मुसाबनी के सुरदा क्रॉसिंग के पास मंगलवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आकर 63 वर्षीय वृद्धा दुखनी सबर की मौत हो गई है। सूचना पाकर मुसाबनी थाना प्रभारी राजा दिलाबर घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतीका दुखनी सबर बेनासोल गांव के पुंडुगरी टोला की रहने वाली है। दुखनी सबर सुरदा क्रोसिंग से अपने घर जा रही थी । घर जाने के क्रम में दुखनी सबर को क्रोसिंग के निकट ही किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार कर वहां से भाग निकला। सड़क दुर्घटना में वृद्धा की मौत होने की सूचना पाकर झामुमो नेता गौरांग माहली, आदिम जनजाति की जिला अध्यक्ष रानी सबरीन, महिला नेत्री सुधा रानी बेसरा, झामुमो पंचायत अध्यक्ष गणेश टुडू,युवा मोर्चा नेता रबिंद्रनाथ हेम्ब्रम, जीवन बास्के घटना स्थल पहुंच कर घटना की जानकारी ली और स्थानीय प्रशासन पदाधिकारियों को इसकी जानकारी देकर परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। मुसाबनी थाना प्रभारी राजा दिलाबर ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। इसके पश्चात ग्रामीणों के सहयोग से शव को घटनास्थल से उठाया गया। वहीं सूचना पाकर मुसाबनी प्रखंड के सीओ प्रशांत कुमार हेम्ब्रम भी घटनास्थल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।







