
जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक बार फिर से दुर्गा पूजा के दौरान भोग वितरण मंदिर में किये जाने को प्रशासन ने रोका है. कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन कर जमशेदपुर के कदमा रंकिणी मंदिर में महाअष्टमी के दिन भोग का वितरण मंदिर से किया जा रहा था जबकि नियम है कि भोग को घरों तक पहुंचाया जाना है. लेकिन इसके बावजूद मंदिर कमेटी ने 150 रुपये का कूपन लोगों के बीच बांट दिया था और कूपन के बदले वहां से लगातार भोग का वितरण किया जा रहा था. इसकी सूचना मिलने के बाद जमशेदपुर के एसडीओ संदीप कुमार मीणा, जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमामर वहां पहुंचे और तत्काल भोग के वितरण को रोक दिया. इस दौरान भक्तों की भीड़ थी, जो भोग लेने के लिए ख ड़ी थी. भोग के वितरण के दौरान ही एसडीओ ने भोग वितररण को रोक दिया और जांच की तो पाया कि करीब 2400 लोगों के बीच कूपन बांटा गया है. इसके बाद एसडीओ ने वहां मौजूद मंदिर कमेटी के अध्यक्ष दिलीप दास, सचिव जनार्दन पांडेय को खड़ाकर फटकार लगायी और कहा कि भोग की होम डिलीवरी की जाये ना कि वहां से दिया जाये. इस दौरान वहां मौजदू कूपन लेकर आये लोगों के पैसे लौटवा दिये गये. इस कार्रवाई से मंदिर कमेटी में हड़कंप मच गया.





