
जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान में चक्रवात जवाद का असर शनिवार की सुबह से ही नजर आने लगा है. इस दौरान कोल्हान में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे. सुबह से ही बूंदा-बांदी होती रही. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफतार से हवा भी चली. हालांकि इस चक्रवात का असर झारखंड में बेहद कम रहने की संभावना है. चक्रवात जवाद का ज्यादा असर राजधानी रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, बोकारो व धनबाद में देखा जा रहा है. इस दौरान इन जिलों में हल्की दर्जे का बारिश दर्ज की गई. वहीं पांच दिसंबर को राज्य के उत्तर -पूर्वी के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं छह दिसंबर के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. गौरतलब है कि चक्रवात का ज्यादा असर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और बंगाल के तटवर्ती इलाके में देखा गया. ओडिशा और बंगाल में आज यानी शनिवार को असर दिखा. आज जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं आज दिन भर में 0.7 एमएम बारिश दर्ज की गई.




