
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ती योजना से 1140 घरों में अशुद्ध पानी की सप्लाई हो रही है. वहीं फिल्टर प्लांट के निर्माण के लिए आए सरकारी फंड का भी गबन कर लिया गया है. इस मामले को लेकर शनिवार को एक बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में भाजपा नेता सुबोध झा और कांग्रेस नेता अजय ओझा मौजूद रहे. बैठक में निर्णय लिया गया कि मामले को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की जाएगी. बैठक में सुबोध झा ने कहा कि बागबेड़ा कॉलोनी के 1140 घरों औऱ आस-पास की बस्तियों में पानी की सप्लाई बिना फिल्टर किए हो रही है. जिला प्रशासन एवं पेयजल विभाग को कई बार इसकी शिकायत भी की गई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि पंचायत द्वारा कहा जाता है कि उन्हें विभाग द्वारा कोई व्यवस्था नहीं उपलब्ध करवाई जा रही है. बागबेड़ा कॉलोनी जलापूर्ति योजना के बाद ग्रामीण जलापूर्ति योजना पर भी जनहित याचिका दायर की जाएगी. उन्होंने कहा कि रघुवर दास के सरकार में फिल्टर प्लांट निर्माण एवं मोटर के लिए एवं बागबेड़ा कॉलोनी की जनता को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने 21 लाख 63 हजार रुपया फिल्टर प्लांट को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने फंड विभाग एवं पंचायत को उपलब्ध कराया था. सुबोध झा ने कहा कि फिल्टर प्लांट में दो नए मोटर को लगाना था फिल्टर प्लांट का पूर्ण रूप से ध्वस्त हुए फिल्टर को स्वच्छ बनाना था नए मोटर से पंप को जोड़कर पाइपलाइन को जोड़ना था पर फंड का बंदरबांट कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
कांग्रेस नेता अजय ओझा ने कहा मोटर को छुपा कर रख दिया गया और बराबर मोटर जलने के नाम पर लाखों रुपया का बंदरबांट किया गया. कॉलोनी वासियों को कभी भी फिल्टर करके पानी उपलब्ध नहीं कराया गया. उन्होंने कहा कि पंचायत और विभाग के साथ कई बार वार्ता हुई बैठक कराई गई और 13 हजार रुपया महीना फिल्टर पानी पीने के लिए ब्लीचिंग पाउडर एनम की व्यवस्था के लिए पंचायत को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया पर ना विभाग ने साफ सफाई कराने का कार्य किया ना ही पंचायत ने साफ सफाई कराने का कार्य किया और बगैर फिल्टर किए हुए पानी को कॉलोनी एवं बस्ती में सप्लाई वर्षों से करते रहे. बैठक में अधिवक्ता दीपक शर्मा, अधिवक्ता विनोद कुमार सिंह, समाजसेवी विनोद सिंह विजय ठाकुर, राजेश पांडे, अमित कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, वीरेंद्र प्रसाद अनिल गुप्ता शामिल थे।






