
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत इस्लाम नगर में मारपीट के बाद घायल हुए मो अशफाक के परिजनों को आरोपी पक्ष द्वारा केस उठाने को लेकर लगातार धमकी दी जा रही है. इस मामले में शनिवार को पीड़िता पक्ष एसएसपी से मिलने पहुंचा. घायल मो अशफाक की मां ने बताया कि बीते दिनों तौसीफ ने उसके बेटे अशफाक को मारपीट कर घायल कर दिया था. अशफाक को सदर अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे एमजीएम और फिर टीएमएच रेफर कर दिया गया. उन्होंने जुगसलाई थाने में मामला भी दर्ज कराया. अब तौसीफ लगातार केस उठाने की धमकी दे रहा है. उन्हे डर है कि कहीं उनके परिजनों पर आरोपी पक्ष द्वारा हमला ना कर दिया जाए.



