
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत एनएच 33 स्थित बेलाजुड़ी काली मंदिर के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने दूसरे बाइक को टक्कर मार दी. इस घटना में कोलकाता के दंपति समेत चार लोग घायल हो गए. घायलों में कोलकाता के बैरकपुर निवासी सौमक बनर्जी और उनकी पत्नी श्रीजिता चौधरी के अलावा हिराचुनी गांव निवासी बुद्धेश्वर महतो और शिबू महतो शामिल हैं. घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. बुद्धेश्वर महतो को गंभीर चोटें आई है. वहीं शिबू के हाथ में चोट आई है. सौमक का बांया हाथ टूट गया है. सभी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. सौमक ने बताया कि वह कोलकाता में मौसम विभाग में काम करते हैं और अपनी पत्नी के साथ सड़क मार्ग से जमशेदपुर घूमने आ रहे थे. उनके साथ अन्य राइडर्स भी हैं. रास्ते में एक बाइक पर सवार दो लोग अचानक उनकी लेन में आ गए. जिसके कारण वह उनसे टकरा गये. वहीं बुद्धेश्वर के परिजनों ने बताया कि इन दिनों अक्सर बाइक राइडर्स एनएच होते हुए काफी तेज रफ्तार में जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. पुलिस ने सौमक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है.




