
चाकुलिया : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका चाकुलिया प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत सेविका और सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डाक बंगला परिसर से जुलूस निकाल कर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया. रैली में शामिल सेविका और सहायिकाओं ने आवाज दो हम एक है, हमारी मांगे पूरी करों समेत अन्य नारा लगा रही थी. मौके पर सेविका, सहायिका संघ के जिलाध्यक्ष पुष्पा महतो ने कहा कि सेविका और सहायिका कोविड-19 महामारी के दौरान 3 से 6 वर्ष के बच्चों के बीच सुखा राशन हर माह बांटते आ रही हैं, परंतु हमें माह जून से नवंबर तक का पोषाहार राशि लंबित हैं ऐसे में हमारा मानदेय भी नहीं मिला है. कहा कि जब तक पोषाहार राशि जून-जुलाई अगस्त, सितंबर, अक्टूबर-नवंबर का भुगतान नहीं किया जाएगा तब तक वह सभी केंद्र संचालन करने में असमर्थ हैं. कहा कि सरकार द्वारा सामग्रियों की खरीद के लिए जो रूपये आवंटन या दर राशि सूची उपलब्ध कराई गई है. उस दर पर सामग्री खरीद कर पाना संभव है. उन्होंने कहा कि वे सभी झारखंड आंगनबाड़ी कर्मचारी एसोसिएशन के बैनर तले बरसों से अपनी विभिन्न समस्याओं से जूझते हुए कार्य करती आ रही है और पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समाधान करने की मांग करती आ रही है परंतु अब तक पहल नहीं किया गया है. सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि बकाया पोषाहार राशि और मानदेय अविलंब भुगतान करने, सीबीई 2019 का राशि अविलंब भुगतान करने, केन्द्र परिचित अंब्रेला आईसीडीएस के संकल्प को निरस्त करते हुए सरकार द्वारा आईसीडीएस दुकान निर्धारित किया जाए तथा निर्धारित मूल्य में दाल,चीनी,सुजी, तेल, घी, गुड़, बदाम, चना इत्यादि सामग्रियों का क्रय सेविकाओं द्वारा किया जा सके. माह मार्च 2011 और वर्ष 2012 का पोषाहार राशि अविलंब भुगतान किया जाए, मकान किराया 2020-21 का भुगतान किया जाए, सेविकाओं को साइकिल नहीं मिला है उसे दिया जाए समेत अन्य मांगे शामिल है. इस अवसर पर रानु महतो, शुभद्रा दास, रूमा मल्लिक, सुधा महतो, कल्पना महतो, भानुमति महतो, वीणापानी मल्लिक, उषा महतो, लक्ष्मी टुडू, सरस्वती मांडी, भारती महतो समेत अन्य उपस्थित थे.







