
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में एक बार फिर से एक दिन का ब्लॉक क्लोजर लिया गया है. यह ब्लॉक क्लोजर 29 दिसंबर बुधवार को होगा. 30 दिसंबर यानी गुरुवार को सामान्य तौर पर कामकाज होगा. इससे पहले कंपनी की ओर से तीन दिनों का ब्लॉक क्लोजर लिया गया था. 23 दिसंबर से 25 दिसंबर तक का यह ब्लॉक क्लोजर लिया गया था. 26 दिसंबर को रविवा की साप्ताहिक छुट्टी थी. सोमवार 27 दिसंबर को प्लांट में कामकाज शुरू हुआ, लेकिन साथ ही साथ फिर से ब्लॉक क्लोजर का नोटिस निकाल दिया गया. 29 दिसंबर के ब्लॉक क्लोजर लेने का सरकुलर जमशेदपुर के प्लांट हेड विशाल बादशाह के हस्ताक्षर से जारी किया गया है. टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में कामकाज 30 दिसंबर से फिर से शुरू होगा. दिसंबर माह में इससे पहले 14 और 15 दिसंबर को ब्लॉक क्लोजर लिया गया था. उससे पहले 29 नवंबर से 1 दिसंबर यानी तीन दिनों तक का ब्लॉक क्लोजर लिया गया था. मंगलवार की सुबह टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के हेड विशाल बादशाह की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, 31 जुलाई 2017 को हुए यूनियन के साथ समझौता के अनुसार ही ब्लॉक क्लोजर लिया जा रहा है. इस दौरान सारे कर्मचारियों को तीन दिनों तक 50 फीसदी वेतन मिलेगा. जिनको काम पर इस दौरान बुलाया जायेगा, उनको अलग से सूचित किया जायेगा. वैसे कर्मचारियों को ड्यूटी आना है नहीं तो शेष सारे कर्मचारी को घर पर ही रहने को कहा गया है. कर्मचारियों को इस दौरान किसी तरह का कोई रियायत या छुट्टी का एडजस्टमेंट नहीं दिया जायेगा. अगर कोई व्यक्ति छुट्टी का आवेदन भी देगा तो उसको स्वीकार नहीं किया जायेगा. दो दिसंबर को सारे कर्मचारी सामान्य तौर पर ड्यूटी आ सकेंगे. बताया जाता है कि अभी तो वर्कऑर्डर काफी ज्यादा था, लेकिन इस माह में वर्क ऑर्डर में आयी कमी के कारण ऐसा कदम उठाया गया है. मैनेजमेंट के मुताबिक, उनकी गाड़ी वापस लौट गयी है.




