
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की जुगितुपा पंचायत के मुड़ाठाकुरा गांव का सिमुलडांगा सबर टोला निवासी अमित सबर रोजगार के अभाव में अपने परिवार संग पश्चिम बंगाल में अपने ससुराल में रहने पर विवश है। अमित सबर ने बताया कि उसके माता-पिता यहीं पर रहते हैं। वर्षों पूर्व मिला इंदिरा आवास भी जर्जर हो चुका है। किसी तरह आवास पर पुआल की छावनी कर मां और पिता सबर टोला में रह रहे हैं। वह रोजगार के लिए अपनी पत्नी और बच्चों संग बंगाल में ससुराल में रहता है। बीच बीच में वह घर आता है। (नीचे भी पढ़ें)
उसने बताया कि पीएम आवास और जॉब कार्ड के लिए कई बार स्थानीय पंचायत के जनप्रतिनिधियों को आवेदन दिया है परंतु अब तक उसे न तो आवास मिला और न ही जॉब कार्ड। अमित सबर ने कहा कि बरसात के दिनों में घर में रहना मुश्किल हो जाता है। घर में ऊपर से पानी टपकता है। बारिश होने पर वे सभी अपना घर छोड़ कर किसी दूसरे के घर में शरण लेते हैं। यहां पर अगर उसे जॉब कार्ड मिल जाए तो वह अपने माता-पिता के साथ ही यहां पर रहकर रोजगार कर किसी तरह परिवार चलाऐगा। बंगाल में ससुराल वालों ने उसे एक मशीन ट्राली खरीद कर दी है उसे ही चलाकर फिलहाल किसी तरह जीवन-यापन कर रहा है।



