
चांडिल : चांडिल बाजार बस स्टैंड के पास मंगलवार की सुबह 14 चक्का ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार मां और बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इस हादसे के बाद सड़क जाम हो गया और बाजार के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पाकर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. जानकारी के अनुसार चांडिल गोलचक्कर की ओर से चांडिल स्टेशन की ओर ट्रेलर आ रहा था. चांडिल बाजार से युवक अपनी मां के साथ चांडिलगोल चक्कर की ओर जा रहा था, तभी चांडिल बस स्टैंड के समीप एनएच 32 के बंपर के पास ट्रेलर को ओवरटेक करने के दौरान बाइक स्किट करके हाईवा के पीछे चक्के नीचे जा घुसा. इससे बाइक चालक व महिला की दबकर मौत हो गई. मृतकों की पहचान चांडिल थाना क्षेत्र के रसुनिया पंचायत स्थित हाथीनादा गांव निवासी 47 वर्षीय सालंती टुडू व 17 वर्षीय सुनील टुडू के रूप में की गयी है. घटना के बाद चांडिल पुलिस ने ट्रेलर व बाइक को जब्त कर लिया है. घटना के बाद ट्रेलर चालक ने चांडिल थाना में सरेंडर कर दिया.



