
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन के निकटस्थ संकटा सिंह गोलचक्कर पर गुरुवार को कांग्रेस के पोटका विधानसभा प्रभारी अजय मंडल अपनी निजी कार से पहुंचे थे, जहां वह गाड़ी पर बैठ कर फोन पर बातचीत कर रहे थे. उसी वक्त ट्रैफिक एसआई मोहम्मद कैसर आलम ने कार पर नो पार्किंग का स्टीकर लगाया और वहां से चले गये. पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आपकी गाड़ी नो पार्किंग में खड़ी है, मंडल ने कहा कि मैं जब गाड़ी में बैठा हूं, बातचीत कर रहा हूं, तो नो पार्किंग का क्या मतलब होता है, मैं गाड़ी खड़ा कर नहीं जा रहा हूं, मैं गाड़ी में ही बैठा हूं. तभी पेट्रोलिंग करते हुए वहां से गुजर रहे जुगसलाई ट्रैफिक प्रभारी राजीव रंजन फाइन काटने का निर्देश देते हुए चले गए. इसे लेकर पोटका विधानसभा प्रभारी अजय मंडल भड़क गए. उन्होंने कांग्रेस के पार्टी कार्यकर्ताओं को फोन कर सूचित किया. उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस की मनमानी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद पार्टी के कई कार्यकर्ता स्टेशन टीओपी चौक पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. बाद में टैफिक पुलिसकर्मी ने उनकी गाड़ी से नो पार्किंग का स्टीकर हटाया, तब जाकर मामला शांत हुआ. घटना के बाद अजय मंडल ने बताया कि वह गाड़ी में मौजूद थे. ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के द्वारा जानबूझकर स्टीकर लगाया गया और मेरे पूछे जाने पर दुर्व्यवहार किया गया. इसे लेकर मंत्री बन्ना गुप्ता से शिकायत करूंगा. कानून पर ताक पर रखकर बड़ी गाड़ियां लगातार यहां से गुजरती हैं. उस पर ट्रैफिक प्रभारी का ध्यान नहीं जाता. इस दौरान कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, जिला सचिव भरत सिंह, राजकुमार सिंह, रतन रजक, मुकेश झा, रंजीत झा समेत अन्य उपस्थित थे.




