
रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि कोरोना जांच की गलत रिपोर्ट देने वाले लैब व उसके संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी. इसके लिए विभाग जल्द ही टास्क फोर्स का गठन करेगा. पिछले दिनों मुख्यमंत्री की हाई प्रोफाइल मीटिंग के दौरान इस पर भी चर्चा हुई थी. एक बातचीत के दौरान श्री गुप्ता ने एक सवाल पर कहा कि मौजूदा परिस्थितियों से निपटने को स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है. कोरोना पीड़ितों की संख्या में गति के सवाल पर उन्होंने बताया कि राज्य में अभी कोरोना पोजिटिव लोगों की कुल संख्या 10 हजार 9 सौ 90 है. राज्य में कोरोना पीड़ितों की संख्या में इजाफा हुआ है. उन्होंने कहा कि नव वर्ष का उमंग है, लेकिन इस उमंग व उत्साह में हमें अपने स्वास्थ्य का भी ख्याल रखना है. सभी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें. यदि किसी तरह की परेशानी होती है, तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें.







