
जमशेदपुर : प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन एसोसिएशन (पासवा) का प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से उनके आवासीय कार्यालय में मिला. पासवा के जिलाध्यक्ष रमन झा के नेतृत्व में गए स्कूल प्रबंधन के लोगों ने मंत्री श्री गुप्ता से जल्द से जल्द ऑफलाइन स्कूल प्रारंभ करवाये जाने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने उनसे कहा कि महाराष्ट्र में 24 जनवरी से कक्षा 1 से 12वीं तक खोला जा रहा है. वर्ल्ड बैंक के एजुकेशन डायरेक्टर समेत अन्य प्रबुद्ध लोगों ने भी स्कूल खोलने का सुझाव दिया है. इसके साथ ही स्कूल खुलने से बच्चों के टीकाकरण में भी तेजी आयेगी. श्री झा ने बताया है कि मंत्री श्री गुप्ता ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार भी इस पर विचार कर रही है. उनके सकारात्मक आश्वासन पर पासवा प्रतिनिधिमंडल ने उनको धन्यवाद देते हुए अगले सप्ताह निर्णय लेने का पुनः अनुरोध किया. प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष रमन झा, प्रदेश महामंत्री सुभाष उपाध्याय, साईं सरस्वती स्कूल की चेयरपर्सन जे शांता, मॉडल स्कूल के गणेश, चंद्रमनी, शुभम कुमार, रॉकफॉर्ड स्कूल की निदेशक अंकिता कुमारी समेत अन्य शामिल थे.



