
जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर की सड़क इन दिनों शाम चार बजने के बाद तालाब में तब्दील हो जा रही है. आजाद नगर के ओल्ड पुरुलिया रोड में कई जगह सड़कों में गढ्ढे हो गए है. हद तो तब हो जाती है जब शाम चार बजे पानी की सप्लाई होती है और फटे पाइपलाईन से निकलने वाला पानी सड़कों पर आ जाता है. सड़कों पर बने गढ्ढों में पानी भरने से कई बार वाहन चालक इसकी चपेट में आकर सड़क पर ही गिरकर घायल हो रहे है. स्थानीय लोगों ने कई बार विधायक प्रतिनिधियों से मामले की शिकायत भी की पर कोई सुनवाई नहीं हुई. स्थानीय निवासी मो करीम ने बताया कि सड़क पर कई जगह बड़े बड़े गढ्ढे बन गए है. सड़क बनने के बाद एक बार भी मरम्मती का कार्य नहीं किया गया है. इसके अलावा सड़क किनारे तार बीछाने के लिए गढ्ढे किए गए थे जिससे पानी की पाइप भी फट गई है. जब पानी की सप्लाई होती है तो पानी सड़कों पर आ जाता है. इससे राह चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इस समस्या से पूरे ओल्ड पुरुलिया रोड के निवासी परेशान है.






