
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई में महिला समूह के नाम पर 22 महिलाओं से 10 लाख की ठगी करने वाली “महिला नटवरलाल” अनीता देवी को न्यायालय ने जमानत दे दी है. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश अनिल कुमार मिश्रा ने मामले की सुनवाई करते हुए अनीता देवी को जमानत दे दी. अनीता के खिलाफ जुगसलाई थाना में दिसंबर 2020 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया था जिसमें बताया गया था कि अनीता देवी महिला समुह को लोन दिलाने वाली कंपनी भारत फाइनांस और साइजा फाइनांस से लोन दिलाने का काम करती थी. सभी महिलाएं ईएमआई का पैसा उसके घर जाकर ही जमा करती थी. उसने ईएमआई का पैसा नहीं जमा किया और पैसे लेकर फरार हो गई. पुलिस ने उसे मामला दर्ज होने के एक साल बाद 14 दिसंबर 2021 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.







