
जमशेदपुर : जमशेदपुर में जिला प्रशासन की ओर से 15 फरवरी 2021 से सभी ऑटो चालकों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म (ड्रेस कोड) पहनना और नेम प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया गया था. अब इसी नियम को शहर के ऑटो चालक मुंह चिढ़ाते नजर आते है. शहर के ऑटो चालक नियम की अनदेखी करते हुए न तो जिला प्रशासन द्वारा जारी ड्रेस कोड का इस्तेमाल करते हैं और न ही नेम प्लेट लगाते हैं. इसके अलावा उपायुक्त सूरज कुमार ने यह भी आदेश जारी किया था कि सभी ऑटो चालक अपने ऑटो की विंड शिल्ड और सीट के पीछे चालक का नाम, पता और फोन नंबर के अलावा अपना ड्राइविंग लाइसेंस भी लगाएंगे. यह नियम शहर के लिए इसलिए भी जरूरी था कि अगर किसी ऑटो से कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसके चालक को पकड़ने में आसानी हो. हालांकि, तत्कालीन यातायात पुलिस उपाधीक्षक बबन सिंह ने विशेष अभियान चलाकर बिना ड्रेस पहने ऑटो चलाने वालों की धड़पकड़ शुरू की थी, जिसके बाद सभी ऑटो चालक ड्रेस में नजर आते थे. इधर हाल के दिनों में ऐसे चालकों की संख्या काफी बढ़ गई है जो बिना ड्रेस के ऑटो चलाते हैं.







