जमशेदपुर : जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के विधायक प्रतिनिधि सह झामुमो के नगर सचिव नंदू सरदार के साथ साकची थाने में अभद्रता की शिकायत प्रकाश में आयी है। विधायक प्रतिनिधि शनिवार को किसी काम से साकची थाना गए थे। वहां साकची थाने में एक पीड़ित से बात कर रहे थे। तभी एक पुलिसकर्मी ने उन्हें थाने से यह कहकर धक्का-मुक्की कर बाहर निकाल दिया कि थाने में कोई बात नहीं कर सकता। विधायक प्रतिनिधि नंदू सरदार ने पुलिसकर्मी को बताया कि वह झामुमो के नगर सचिव हैं। विधायक मंगल कालिंदी के प्रतिनिधि हैं। नंदू सरदार का कहना है कि इस पर पुलिसकर्मी ने कहा कि वह विधायक प्रतिनिधि ही नहीं, विधायक या मुख्यमंत्री भी हों तो उन्हें थाने में किसी से नहीं बात करने दी जाएगी। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
नंदू सरदार का कहना है कि उन्हें धक्का-मुक्की कर बाहर कर दिया गया। उस वक्त थाने में दो और पुलिसकर्मी थे। उन लोगों ने भी उनके साथ अभद्रता की। इस घटना के बाद रविवार को झामुमो के नगर अध्यक्ष दल गोविंद लोहरा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ साकची थाना पहुंचे और वहां घेराव-प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी से मुलाकात की और नगर सचिव नंदू सरदार के साथ अभद्रता करने वाले तीनों पुलिसकर्मी के निलंबित करने की मांग की है। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
नगर सचिव नंदू सरदार ने कहा कि थाने में जनता का काम करना होगा। झामुमो की सरकार है। तानाशाही नहीं चलेगी। दल गोविंद लोहरा ने बताया कि उन्होंने थाना प्रभारी को सारी बात से अवगत करा दिया है। थाना प्रभारी ने हफ्ते भर में कार्रवाई करने की बात कही है। अगर कार्रवाई नहीं होती तो इस मामले को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंचाया जाएगा।




