जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन चलाये जा रहे अभियान से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. इसी बीच सोमवार की रात उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर पूरे जिले में जांच एवं कार्रवाई अभियान चलाया गया, जिसमें स्वयं उपायुक्त विजया जाधव भी शामिल रहीं. सुबह 5 बजे तक चले इस अभियान में कुल 22 हाइवा गाड़ियां जब्त की गयीं. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त के नेतृत्व में जिले के दोनों अनुमंडलों में चले इस अभियान का डीटीओ दिनेश रंजन ने धालभूम अनुमंडल जबकि घाटशिला में एसडीओ सत्यवीर रजक व कार्यपालक दंडाधिकारी जयप्रकाश करमाली ने नेतृत्व किया. घाटशिला में सीओ राजीव कुमार एवं स्थानीय थाना की पुलिस टीम भी इसमें शामिल रही. कार्रवाई के दौरान जब्त वाहनों में से 9 हाइवा में बालू, 7 में गिट्टी व 6 में स्लैग व आयरन ओर लदे थे. इस अभियान के दौरान सुबह करीब 4:30 बजे 01 हाइवा साकची चौक में पकड़ाया. जब्त वाहनों में 5 को बिरसानगर थाना, 6 वाहनों को परसुडीह, 02 वाहनों को साकची थाना एवं 09 वाहनों को गालूडीह थाना में रखा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने दी सख्त चेतावनी
उपायुक्त विजया जाधव ने इस अभियान के दौरान खुद सड़क पर उतरकर सख्त संदेश दिया कि अवैध खनिज कारोबारियों से प्रशासन अब सख्ती से पेश आयेगा एवं अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उपायुक्त ने अवैध अनिज कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि दोनों अनुमंडलों में हुई कार्रवाई के दौरान जब्त 20 वाहनों पर करीब 8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.




