अनिल कुमार / बोकारो : पूर्व मंत्री लालचंद महतो ने इलेक्ट्रो स्टील कंपनी में हुए हादसे के लिए कंपनी में व्याप्त अव्यवस्था को जिम्मेवार ठहराते हुए इसके खिलाफ राज्य सरकार से लेकर कोर्ट तक कार्रवाई करने की घोषणा की है. श्री महतो ने शुक्रवार को स्थानीय परिसदन में पत्रकारों से बाद करते हुए कहा कि गुरुवार को कंपनी में हुई दुर्घटना में छह लोगों के मरने एवं 20 के करीब मजदूरों के जख्मी होने की बात कही जा रही है. अब जांच के बाद ही पता चलेगा कि वास्तव में कितने मजदूर मरे एवं कितने जख्मी हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उपायुक्त से मुलाकात कर उनसे मामले की जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि डीसी ने घटना की जांच के लिए चास एसडीओ के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर ही कंपनी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. एक सवाल के जवाब में श्री महतो सांसद व विधायक की मिलीभगत के कारण कंपनी प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद व विधायक के पास हर माह थैली पहुंच जाती है, जिसके बाद वे लोग क्या बोलेंगे. उन्होंने कंपनी पर प्रदूषण नियंत्रण के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप भी लगाया, जिसके चलते आसपास का पूरा इलाका प्रदूषित हो रहा है. उन्होंने इसके खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित राज्य सरकार व हाई कोर्ट में भी शिकायत की जाएगी. उन्होंने कंपनी पर अब भी क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को उनकी जमीन का मुआवजा नहीं दिये जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी से वे लोग अब भी कंपनी के अंदर ही रहने पर मजबूर हैं. उन्होंने इस मामले में भी सरकार से शिकायत करने की बात कही.




