
जमशेदपुर : आम आदमी के साथ ट्रैफिक पुलिस किसी प्रकार का दुर्व्यवहार न करे, ये ध्यान रखे कि चेकिंग के दौरान कोई अनहोनी न हो, लेकिन फटफटिया बजानेवाले, रैश ड्राईविंग करनेवालों पर पुलिस लगाम कसे. जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना परिसर के मल्टीपरपस हाॅल में ट्रैफिक पुलिस के साथ एसएसपी प्रभात कुमार ने सोमवार को अहम बैठक की जिसमें उन्होंने खुलकर चर्चा करते हुए उपरोक्त दिशा निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पब्लिक फीडबैक और सड़क पर ट्रैफिक चेकिंग को लेकर कुछ मसले सामने आने पर ये बैठक की गई ताकि कुछ अपनी कमियां सुधारी जा सकें और आगे की योजना बनाई जा सके. इस बैठक में प्रभारी ट्रैफिक डीएसपी कमल किशोर समेत बडी संख्या में पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में एसएसपी ने नए साल के जश्न की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की तैयारियों का जायजा लिया और बताया कि देर रात तक ड्रंक एंड ड्राईव की चेकिंग होगी. साथ ही दुर्गा पूजा के समय से शुरु किए गए पिंक स्काॅयड के तहत 25 पिंक स्कूटी पर महिला पुलिस पदाधिकारियों के साथ पूरे शहर में अलग अलग स्थानों पर मौजूद रहेंगी जो खासकर महिलाओं के साथ होनेवाली छेड़खानी पर नजर रखेंगी. एसएसपी ने कहा कि नववर्ष पर शहर में बाहर से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं और आधी रात तक सड़कों पर भीड़ रहती है जिसको लेकर ट्रैफिक पुलिस तैयारियों में जुटी है और प्रशासन मुस्तैद रहेगा.












