जमशेदपुर : गुरुद्वारा सिंह सभा मानगो में चल रहे शहीदी सप्ताह के तहत आयोजित सफर-ए-शहादत की कड़ी में रविवार को शहीदों की स्मृति में 105 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जबकि 125 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। गुरुद्वारा सिंह सभा मानगो में एमजीएम अस्पताल प्रबंधन के सहयोग से रक्त इकाई के प्रमुख राघव कुमार और संजय कुमार के नेतृत्व में 16 महिलाओं और 89 पुरुषों ने रक्तदान कर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं डॉ सीमा परवीन की देखरेख में 125 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गयी। डॉ सीमा परवीन ने बताया कि महिलाओं की जांच में उनमें खून की कमी पायी गई, परंतु उन्हें उचित खान-पान की सलाह और दवाई दी गई। (नीचे भी पढ़ें)

रक्तदान करने वाले सरबजीत सिंह ने अनुभव साझा करते हुए बताया की उन्हें बहुत गर्व महसूस हो रहा है कि उनका रक्त किसी जरूरतमंद के काम आयेगा। एमजीएम रक्त विभाग की छह सदस्य टीम भी मुस्तैद रही और रक्तदाताओं को शालीन तरीके से सहयोग किया। गुरुद्वारा सिंह सभा मानगो के प्रधान भगवान सिंह ने कहा की उन्हें खुशी है कि संगत ने स्वास्थ जांच और रक्तदान शिविर को सफल बनाने में पूरा सहयोग कर साहिबजादों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है। महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने रक्तदान करने वालों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि एक रक्तदाता असल में जीवनदाता है और किसी को जीवन देने से बड़ा और कोई पुण्य नहीं है। शिविर के आयोजन में पूरी मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की सराहनीय भूमिका रही।













