रामगोपाल जेना/मनोहरपुर/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के मनोहरपुर स्टेशन के पास रविवार को गीतांजलि सुपरफास्ट ट्रेन से गिर कर ट्रेन के सह चालक की मौत हो गयी. मृत सहायक चालक महावीर कुमार बिलासपुर से गीतांजलि सुपरफास्ट ट्रेन लेकर वापस आ रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार राउरकेला के सहायक ट्रेन चालक महावीर कुमार शनिवार को मुख्य चालक डीआर बेहरा के साथ राउरकेला से गीतांजलि सुपरफास्ट ट्रेन लेकर बिलासपुर गये थे. आज रविवार को वे श्री बेहरा के साथ डाउन गीतांजलि ट्रेन लेकर अपने हेडक्वार्टर, राउरकेला लौट रहे थे. लेकिन ट्रेन में नींद आ जाने के कारण वे राउरकेला में नहीं उतर पाये और मनोहरपुर पहुंच गये. मनोहरपुर में ट्रेन धीमी गति से 2 नंबर प्लेटफॉर्म की लूप लाइन से गुजर रही थी, जिस दौरान उन्होंने चलती ट्रेन से उतरना चाहा. लेकिन वे ट्रेन के नीचे आ गिरे जिससे उनकी तत्काल मौत हो गयी. हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय रेल व रेल पुलिस के अधिकारियों ने उनका शव वहां से उठवाया. समाचार लिखे जाने तक कई वरीय रेल अधिकारी वहां पहुंच चुके हैं.













