चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत के जामडोल गांव में संचालित स्टार रीज पेपर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत अस्थाई मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन द्वारा मजदूरों के साथ किए जा रहे शोषण के खिलाफ बुधवार सुबह से कंपनी के मुख्य द्वार के पास आंदोलन शुरू कर दिया है. कंपनी के मजदूरों द्वारा आंदोलन करने के कारण सुबह से ही कंपनी में कार्य ठप है, मजदूरों ने एक भी वाहन को ना तो कंपनी के अंदर जाने दिया है और ना ही अंदर से बाहर जाने दिया है. आंदोलनरत मजदूरों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा तरह तरह से मजदूरों का शोषण किया जा रहा है और विगत तीन वर्षों से कंपनी प्रबंधन ने एक भी मजदूर को स्थाई नही किया गया है.(नीचे भी पढ़े)
मजदूरों ने कहा कि जबतक उनकी मांगों को कंपनी प्रबंधन पूरी नही करेंगी तबतक उनका आंदोलन जारी रहेगा. समाचार लिखे जाने तक कंपनी के अस्थाई मजदूरों का आंदोलन जारी है. मौके पर पंकज गिरी, राजेश्वर सरदार, रंजीत सरदार,परीक्षीत महतो,चंदन कुमार,बादल सिंह,चिरंजीत सिंह,बाबुराम टुडू, रसीकलाल महतो समेत अन्य मजदूर उपस्थित थे. इस संबंध में कंपनी के किसी भी अधिकारी के साथ संपर्क नहीं किया जा सका है जिस कारण उनका पक्ष नही लिखा जा सका है.



