जमशेदपुर : इस साल महाशिवरात्रि के अवसर पर बनारस के गंगा आरती के तर्ज पर जमशेदपुर के स्वर्णरेखा तट पर मां टुसू और स्वर्णरेखा आरती का आयोजन किया जाएगा. गंगा आरती के लिए वाराणसी से 18 पुरोहित बुलाए जा रहे हैं. शिवजी का जलाभिषेक भी किया जाएगा. इसकी जानकारी राज्य के आपदा प्रबंधन सह स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने दी. बुधवार को वे जमशेदपुर के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान मीडियाकर्मियों से मुखातिब होते हुए कहा कि महाशिवरात्रि के मौके पर सुबह नागा साधुओं का शाही स्नान होगा. दिन में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक होगा. उसके बाद शाम को गंगा आरती की तर्ज पर टुसू और मां स्वर्णरेखा आरती का आयोजन किया जाएगा. उसके बाद रात में भोजपुरी के प्रख्यात लोक गायक भरत सिंह भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे. उन्होंने बताया कि स्वर्णरेखा नदी को पर्यावरण से मुक्त करने को लेकर यह कदम उठाया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही स्वर्णरेखा नदी के तट पर सोनारी के कचरा डंपिंग यार्ड में लगी आग के कारण होने वाली परेशानियों को भी दूर किया जायेगा. मीथेन गैस के प्रवाह से हो रहे लोगों की परेशानियों को दूर करने हेतु युद्ध स्तर पर तैयारियां किए जाने की बात उन्होंने कही है. उन्होंने बताया कि उक्त स्थल को पार्क के रूप में विकसित करने का आदेश दे दिया गया है. अगले तीन-चार दिनों में मीथेन गैस की समस्या से क्षेत्र के लोगों को निदान दिला दिया जाएगा. वहीं उन्होंने शहर के कचरा निष्पादन को लेकर सरकार और जिला प्रशासन को गंभीर बताया. उन्होंने कहा कि जल्द ही खैरबनी प्लांट को चालू कराया जाएगा. उसे चालू होने में जो व्यवधान हैं उसे दूर करने का निर्देश दे दिया गया है. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील भी कचरा प्लांट को लेकर गंभीर है. इस दिशा में हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. मौके पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय खां और समाजसेवी शिवशंकर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)
दोमुहानी बनेगा पर्यटन स्थल, बोटिंग का आनंद लेंगे लोग
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि दोमुहानी को पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित किया जाएगा. यहां लाइटिंग कर दी गई है. साफ सफाई की जा रही है. जल्द ही सीढ़ियों का निर्माण शुरू हो जाएगा. उन्होंने कहा कि यहां एक वीयर भी बनाया जा रहा है, जहां नदी का काफी पानी जमा होगा और इसमें बोटिंग की सुविधा होगी. पर्यटक बोटिंग का आनंद ले सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
दोमुहानी में बनेगा आस्था का कुंड
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि दोमुहानी में एक आस्था का कुंड भी बनेगा. इस कुंड में लोग मूर्तियों और अन्य धार्मिक वस्तुओं का विसर्जन कर सकेंगे. इसके चलते विसर्जन के लिए लोगों को नदी की तरफ नहीं जाना होगा और आस्था कुंड में विसर्जन करने से लोगों के जानमाल की भी सुरक्षा रहेगी. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि शहर का जो गंदा पानी स्वर्णरेखा में आता है उसके लिए यहां वाटर ट्रीटमेंट की व्यवस्था की जाएगी. वॉटर ट्रीटमेंट के लिए 3 कुंड बनाए जाएंगे. पानी का ट्रीटमेंट करने के बाद इसका इस्तेमाल पेड़ पौधों को पानी देने में किया जाए.



