जमशेदपुर : कपाली के वार्ड नंबर 21 में बुधवार शाम शराब पी रहे युवकों ने अपने ही दोस्त लादेन महतो पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से जल गया. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसकी आग बुझाकर बचाया. लादेन को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है, (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलने पर कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और लादेन महतो को आग लगाने वाले एक युवक मंगल मांझी को हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य युवक फरार हो गए हैं. बताते हैं कि लादेन महतो मजदूरी करता है. वह मजदूरी करने के बाद घर जा रहा था तभी रास्ते में उसे मंगल मांझी मिल गया. मंगल के साथ भोलू अंसारी और राहुल तीनों शराब पी रहे थे, जिन्होंने लादेन को भी शराब पीने के लिए बैठा लिया. सभी ने शराब पी, लेकिन इसी बीच भोलू की बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया था तो वह बोतल में पेट्रोल लेकर आया. इसके बाद उसने मजाक करते हुए पेट्रोल लादेन के बदन में डाल दिया और माचिस जलाई. लादेन माचिस की चपेट में आ गया और उसके शरीर में आग लग गई. भोलू अंसारी भी लादेन को बचाने के चक्कर में झुलस गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



