अनिल कुमार/बोकारो : इन दिनों जंगलों में असामाजिक तत्वों के द्वारा आग लगा कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हुए पेड़-पौधों को जलाने की घटनाओं में इजाफा हो गया है. इस संबंध में आम लोगों को जागरूक करने एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सैंड आर्टिस्ट अजय शंकर महतो ने बालू से आकर्षक आकृति बनाकर लोगों को संदेश देने की कोशिश की है. इसके माध्यम से लोगों से जंगल में आग न लगाने की अपील की गई है, क्योंकि आग लगने से जंगल के कीमती पेड़-पौधे तो नष्ट हो ही रहे हैं, पर्यावरण को भी भारी क्षति पहुंच रही है. (नीचे भी पढ़ें)
सैंड आर्टिस्ट अजय शंकर महतो ने बोकारो के चंदनकियारी में दामोदर नदी के किनारे आकर्षक आकृति बनाई है. झारखंड में G20 का सम्मेलन भी हो रहा है, जिसमें ग्लोबल वार्मिंग सहित पर्यावरण से जुड़े तमाम मुद्दों पर भी विशेष चर्चा होनी है. वैसे तो पूरे झारखंड सहित बोकारो पर्यावरण की दृष्टि से काफी हरा-भरा माना जाता रहा है, जहां हरियाली की बहुतायत है. ऐसे में पेड़ों एवं पर्यावरण की सुरक्षा करना भी सबका दायित्व है और सैंड आर्टिस्ट अजय शंकर महतो ने इसी संदेश को बालू की आकर्षक आकृति के जरिए लोगों तक पहुंचाने का काम किया है कि पर्यावरण हमारे जीवन का अहम हिस्सा है और इसे बचाया जाए.



