रामगोपाल जेना/चक्रधरपूर : टाटानगर एवं चक्रधरपुर रेल पुलिस की सक्रियता के कारण ट्रेन में छूटा जमशेदपुर निवासी एक रेल यात्री का मोबाइल फोन आज उसे वापस मिल गया. उक्त यात्री गुरुवार रात अपना मोबाइल फोन आजाद हिंद एक्सप्रेस की बर्थ पर छोड़ कर टाटानगर स्टेशन में उतर गया था.
विगत रात्रि आजाद हिंद एक्स्प्रेस में एक यात्री अपना मोबाइल फोन छोड़ कर टाटानगर स्टेशन पर उतर गया. उसको फोन की याद आई तब तक ट्रेन टाटानगर से निकल चुकी थी. यात्री ने तत्काल टाटानगर रेल थाना में इसकी सूचना दी. टाटानगर रेल थाना के द्वारा सूचित किये जाने पर चक्रधरपुर रेल थाना पुलिस ने इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आजाद हिंद एक्स्प्रेस के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचने पर S-3/ 44 सीट पर जाकर वहां से छूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया. बाद में मोबाइल धारक को भी इसकी सूचना दे दी गयी. आज मोबाइल धारक, गोलमुरी निवासी विश्वजीत कुमार दास को उसका मोबाइल फोन सौंप दिया गया.




