
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम का 675वां नेत्र शिविर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पेंशनर्स एसोसिएशन जमशेदपुर यूनिट के संयोजन में 11 से 13 मार्च तक आयोजित नेत्र शिविर के ऑपरेशन सत्र में रविवार को 30 नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ. बीपी सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. पूनम सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया गया. शिविर के ऑपरेशन सत्र के दौरान रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, समाजसेवी राकेश मिश्र, किशन अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित थें. शिविर के ऑपरेशन सत्र को सुचारु रूप से चलाने के लिए रेड क्रॉस कार्यकर्ता प्रकाश मिश्र, दीपक विश्वास, राजू बिन्द, दीपक शर्मा, विक्की कुमार, चन्दन कुमार सिंह, आशीष सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को सभी ऑपरेशन कराये मरीजों के आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की जायेगी तथा उन्हें आवश्यक चश्मा के साथ डेढ़ महीने की दवा एवं आंखों की देखभाल के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान कर विदा किया जायेगा. नेत्र रोगियों के विदाई के अवसर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पेशनर्स एसोसियेशन, जमशेदपुर यूनिट के पदाधिकारियों सहित स्टेट बैंक के पदाधिकारी भी उपस्थित रहकर नेत्र रोगियों को दवा व चश्मा प्रदान कर विदा करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

रेड क्रॉस सोसाईटी का 676वां नेत्र शिविर 25 मार्च से
जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस सोसाईटी का 676वां नेत्र शिविर जो कि 18 से 20 मार्च तक आयोजित था वह नेत्र चिकित्सकों के राष्ट्रीय कार्यशाला के कारण सभी वरीय चिकित्सकों के वहां भाग लेने के कारण स्थगित किया गया है, उन्होने इसके लिए शिविर का प्रायोजन करने वाली संस्था प्राणिक हीलिंग फूड फॉर हंगरी तथा नेत्र रोगियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है. 676वां नेत्र शिविर अब 25 मार्च से 27 मार्च 2023 को आयोजित किया जायेगा.

सरायकेला-खरसवां में रक्तदान शिविर आयोजित, 20 यूनिट रक्त संग्रहित : सरायकेला-खरसवां जिला स्थित मुरुप पंचायत में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के सहयोग से आयोजित हुआ, पंचायत की पूर्व मुखिया पानो महाली के स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में स्थानीय जागरुक युवाओं ने भाग लिया तथा रक्तदान शिविर में 20 यूनिट रक्तदान सम्पन्न हुआ. रक्तदान शिविर का उद्देश्य दूरस्थ ग्राम में रक्तदान के प्रति जागरुकता फैलाना था, जिसमें स्थानीय पंचायत समिति के सभी पदाधिकारियों महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया. (नीचे भी पढ़ें)

रेड क्रॉस सोसाईटी टीबी मरीजों के बीच वितरित करेगा पोषण सामग्री : प्रधानमंत्री टीबी फ्री इंडिया कार्यक्रम के तहत प्रत्येक महीने की तरह आठवें महीने भी रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम द्वारा अपने सहयोगी निक्षय मिश्र के साथ आठवें महीने की पोषण सामग्री टीबी मरीजों के बीच 15 मार्च को रेड क्रॉस भवन में वितरित की जायेगी. इस माह रेड क्रॉस सोसाईटी द्वारा इस जिले में चलाये जा रहे इस अभियान को छगनलाल दयाल जी सन्स द्वारा सीएसआर अभियान के तहत स्व. रसिकलाल छगनलाल आडसेरा के पुण्य स्मृति में टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री के साथ विटामिन की खुराक प्रदान किया जायेगा. बुधवार 15 मार्च को दोपहर 2 बजे रेड क्रॉस भवन, साकची में आयोजित होने वाले इस समारोह में छगनलाल दयाल जी सन्स ज्वेलर्स के संचालक एवं अन्य निक्षय मित्र जो लगातार इस अभियान के सहभागी हैं वे भाग लेंगे. रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि जमशेदपुर में टीबी मरीजों के पोषण सहयोग से केके. बिल्डर्स प्रा. लि, दिलीप मोटर्स, एहसिन फाउण्डेशन, महेश अग्रवाल, मारवाड़ी महिला मंच, मोदी चैरिटेबल ट्रस्ट, पुरबी घोष एवं अन्य सामाजिक संस्था जुड़ी हुई है और अब तक सात माह में प्रत्येक माह टीबी मरीजों को रेड क्रॉस भवन से पोषण सहयोग जिला टीबी उन्मूलन केन्द्र से प्राप्त सूची के अनुसार दिया जा रहा है. उन्होने निबंधित टीबी मरीजों से अपेक्षा किया है कि वे रेड क्रॉस भवन में आकर अपना पोषण सहयोग निर्धारित तिथि व समय के अनुसार प्राप्त कर लें.



