
जमशेदपुर : रविवार को जमशेदपुर देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी एवं अडानी प्रकरण जैसे मुद्दों को लेकर सांसद विद्युत वरण महतो के आवास पर ज्ञापन देने पहुंची कांग्रेस महिला मोर्चा के साथ धक्का- मुक्की गाली- गलौज तथा अमर्यादित भाषाओं का प्रयोग करने संबंधी शिकायत महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष उषा यादव द्वारा बिस्टुपुर थाने में दर्ज कराया गया है. पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध कांड संख्या 79/ 23 के तहत धारा 341/ 323/ 506/ 504 दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है. विदित हो कि रविवार को सांसद आवास पर ज्ञापन सौंपने पहुंची कांग्रेसी नेत्रियों के साथ भाजपाइयों की तीखी नोकझोंक हुई थी. मामले को शांत कराने बिष्टुपुर पुलिस को पहुंचना पड़ा था. (नीचे भी पढ़ें)

भाजपा ने कहा-सस्ती लोकप्रियता पाने की कांग्रेस की आख़िरी कोशिश : भाजपा जमशेदपुर ने सांसद विद्युत वरण महतो के कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों के प्रदर्शन को सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास बताया. भाजपा जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि सांसद विद्युत वरण महतो के आवास पर केंद्रीय बजट के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हेतु प्रेस-वार्ता बुलाई गई थी. परंतु प्रेस-वार्ता के मध्य में चंद कांग्रेसी इसमें विघ्न डालने पहुंच गए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है. परंतु रविवार को कांग्रेस के इस कथित प्रदर्शन की जानकारी ना सांसद कार्यालय, ना ही जिला प्रशासन एवं ना ही लोकतंत्र के सजग प्रहरी मीडिया को थी. गुंजन यादव ने कहा कि बिस्टुपुर स्थित सांसद कार्यालय में चल रहे प्रेस-वार्ता के मुद्दे को चंद कांग्रेसियों ने अपने प्रदर्शन की ओर मोड़कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का कुत्सित प्रयास किया है. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वास्तव में सांसद विद्युत महतो से मिलकर अपनी बातों को रखना था तो उन्हें इस प्रकार की अभद्रता नही करनी चाहिए थी. भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने विरोध में जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सांसद विद्युत वरण महतो के लिए अपशब्दों एवं अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया उसे किसी भी सूरत में स्वीकार नही किया जा सकता है. गुंजन यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता का ऐसा आचरण कांग्रेस के ताबूत में अंतिम कील साबित होगी.



