
सरायकेला : जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत टेंटोपोशी पंचायत के सरायकेला थाना अंतर्गत सिंधुकोपा- सामराम पुल निर्माण कार्य में एजेंसी द्वारा रात के अंधेरे में सरकारी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी एवं पत्थर का खनन पर प्रयोग में लाया जा रहा है. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी साझा की है. ग्रामीणों ने बताया कि रात के अंधेरे में एजेंसी जेसीबी से सरकारी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी एवं पत्थर का खनन किया जा रहा है, जिससे जमीन में गड्ढे हो रहे हैं और प्राकृतिक पहाड़ों का क्षरण हो रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि मिट्टी खनन से बने गड्ढों में ग्रामीणों के मवेशियों के गिरने का खतरा बना रहता है. साथ ही पत्थरों के अवैध खनन से ग्रामीण सड़क का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है. इसको लेकर कई बार एजेंसी का विरोध किया गया, दो- चार दिन एजेंसी वाले काम बंद रखते हैं उसके बाद फिर से रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अवैध खनन में जुट जाते हैं. संबंधित विभाग के पदाधिकारी भी मौन है. विभागीय उदासीनता या मिलीभगत से प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है, जो आने वाले दिनों में नुकसानदायक साबित हो सकता है.












