अनिल कुमार/ बोकारो : बोकारो जिला आबकारी विभाग के अधिकारियों ने जिले के अंगवाली जंगल में छापामारी कर 50 लाख रुपये मूल्य की नकली विदेशी शराब बरामद करने के साथ ही 1550 लीटर स्प्रिट, 5 लीटर कैरेमल, ढक्कन, रैप एवं कार्टन आदि भी बरामद किया है. छापामार दल ने इस दौरान मुख्य शराब कारोबारी समेत छह लोगों को गिरप्तार करने के साथ ही वहां से अवैध विदेशी शराब लदी एक बलेरो पिकअप, एक पिकअप वैन एवं दो बाइक भी जब्त की है.
इस मामले की जानकारी देते हुए सहायक उत्पाद आयुक्त अरविंद कुजूर ने बताया कि काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि जंगल में अवैध शराब बनाकर उसे बाहर भेजा जा रहा है. इसी के मद्देनजर देर रात छापामारी की गई है. सहायक उत्पाद आयुक्त ने बताया कि इस कारोबार का मुख्य सरगना बिनोद साव है.
उन्होंने बताया कि मौके से 1150 लीटर स्प्रिट, 1000 लीटर तैयार शराब, विभिन्न ब्रांड की 266 पेटी विदेशी शराब, 4000 ढक्कन, 5000 पेपर और 2000 शराब के कार्टून भी बरामद किये गये, जिनकी कुल कीमत 50 लाख रुपये आंकी जा रही है.



