गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत खिलकनाली गांव के स्वर्णरेखा नदी में नहाने गया व्यक्ति लापता हो गया है. बताया जा रहा है कि नदी से लापता हुए व्यक्ति का नाम जोड़िसा पंचायत के खड़ियाडीह गांव निवासी 40 वर्षीय घनश्याम हांसदा है. उसका काफी खोज के बाद भी पता नहीं चल सका है. मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात गांव में छोऊ नृत्य कार्यक्रम था. घनश्याम हांसदा अपनी पत्नी रुपाली हांसदा और दो बेटा अजय हांसदा (18) विजय हांसदा (14) के साथ छोऊ नृत्य कार्यक्रम देखने अपने ससुराल पालू मुर्मू के घर आया हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)

पत्नी रुपाली हांसदा ने बताया कि पति-पत्नी में किसी प्रकार का कोई झगड़ा भी नहीं हुआ था. सबकुछ ठीक था. मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे घनश्याम हांसदा नदी में नहाने के लिए घर से निकला था. लेकिन शाम होने तक वापस नहीं लौटे, तब परिजन ग्रामीणों के साथ स्वर्णरेखा नदी पहुंचे और खोजबीन शुरू की. वहीं, बुधवार को परिजनों ने घटना की जानकारी गालूडीह पुलिस को दी. समाचार लिखे जाने तक व्यक्ति का कुछ पता नहीं चल पाया था. परिजनों द्वारा स्वर्णरेखा नदी में खोजबीन जारी है.












