गालुडीहः महुलिया पंचायत के उपरडांगा में शनिवार को दो साल से बंद पड़े जलमीनार को घाटशिला विधायक रामदास सोरेन ने निजी स्तर से 24 घंटे के अंदर पंप और कंट्रोलर बदलकर जलमीनार को दुरूस्त करवाया. ग्रामीण पिछले दो साल से पेयजल के लिए परेशान थे. विदित हो कि जलमीनार खराब की सूचना पर शुक्रवार को विधायक पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जेई कैलाश राम के साथ निरीक्षण करने उपरडांगा पहुंचे थे. विधायक ने ग्रामीणों से 24 घंटे के अंदर खराब जलमीनार को मरम्मत कर ठीक करने का वादा किया था. ग्रामीणों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में ग्रामीण लंबे समय से पेयजल संकट का सामना कर रहे थे. (नीचे भी पढ़े)
साथ पीएचइडी विभाग के अधिकारी भी इस मामले में ढिलाई बरत रहे थे. अब खराब जलमीनार का मरम्मत होने के बाद ग्रामीणों को पेयजल संकट से निजात मिला है. इसके लिए ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया है. मरम्मत के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. वहीं, जेई कैलास राम ने बताया कि जलमीनार का कंट्रोलर पूर्व मुखिया सुभाष सिंह अपने कार्यकाल में मरम्मत के नाम पर खोलकर ले गया था, जो सूचना देने के बाद भी अभी तक विभाग को नहीं सौंपी गयी है. अगर 72 घंटे तक कंट्रोलर विभाग को नहीं सौंपा गया तो विभाग उचित कार्यवाही के लिए बाध्य होगा. मौके पर कनीय अभियंता कैलाश राम, प्रखंड अध्यक्ष वकील हेंब्रम, झामुमो नेता अशोक महतो, निर्मल चक्रवर्ती, फूलचंद टुडू, समीर मुर्मू एवं गांव के ग्रामीण उपस्थित थे.



