चाकुलिया : चाकुलिया स्टेशन पर शालीमार कुर्ला एक्सप्रेस और क्रिया योगा एक्सप्रेस ट्रेन की ठहराव पुनः चाकुलिया स्टेशन पर करने की मांग को लेकर रेलयात्री सुविधा समिति के सदस्यों ने विधायक समीर महंती को ज्ञापन सौंपा. सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि कुर्ला एक्सप्रेस और क्रिया योगा एक्सप्रेस ट्रेन चाकुलिया के लिए दोनों ही महत्वपूर्ण ट्रेनें है, दोनों ही ट्रेनों के ठहराव चाकुलिया स्टेशन से हटाने से यहां के उद्यमी, व्यापारी और आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कहा कि कोरोना महामारी के समय ट्रेनों का परिचालन बंद किया गया था और पुनः ट्रेनों का परिचालन शुरू होने के पश्चात कुर्ला एक्सप्रेस और क्रिया योगा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव चाकुलिया स्टेशन पर बंद कर दिया गया था, जिसपर स्थानीय लोगों द्वारा आंदोलन किया गया जिसपर सांसद विद्युत वरण महतो ने पहल कर रेलवे मंत्री से बातकर कुर्ला एक्सप्रेस ट्रेन की ठहराव 20 अक्टूबर 2022 से शुरू हुआ और क्रिया योगा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव जल्द होने का आश्वासन दिया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
कहा कि कुर्ला एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव के 6 माह बाद ही रेलवे द्वारा पुनः कुर्ला एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव चाकुलिया स्टेशन पर बंद कर दिया गया जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. समिति के सदस्यों ने कहा कि चाकुलिया प्रखंड के ग्रामीण यातायात के लिए पूर्ण रूप से ट्रेन पर ही आश्रित है. यहां सड़क मार्ग से यातायात करने की सुविधा प्रयाप्त नहीं है. ऐसे में ट्रेनों का परिचालन होना और स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव होना अति आवश्यक है. समिति ने विधायक से मांग किया है कि उक्त दोनों ही ट्रेनों के ठहराव चाकुलिया स्टेशन पर पुनः कराने की दिशा में उचित पहल करने की मांग की है जिससे लोगों को सहुलियत मिल सके. मौके पर दिनेश सिंह, अनिल मिश्रा, विकास लोधा समेत अन्य उपस्थित थे.



