जमशेदपुर : केंद्र सरकार के एमएमडीआर यानी खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ कांग्रेस का विरोध जारी है. इसी क्रम में राज्यभर के साथ-साथ जमशेदपुर में भी कांग्रेस पार्टी ने जिला मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. धरने में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से एमएमडीआर संशोधन विधेयक 2026 को वापस लेने की मांग की. पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इस नए कानून से झारखंड के आर्थिक हित प्रभावित होंगे. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि झारखंड के भाजपा सांसद और विधायक भी राज्य की परिस्थितियों और यहां की खनिज संपदा के महत्व से भली-भांति परिचित हैं. ऐसे में उन्हें भी राज्यहित में इस विधेयक का विरोध करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि एमएमडीआर संशोधन विधेयक झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि कांग्रेस केंद्र सरकार के इस कथित मंसूबे को किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने देगी. इस दौरान बन्ना गुप्ता ने अन्य मुद्दों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और श्रीराम मंदिर की आस्था से जुड़े मामले पर भाजपा से जवाब देने की मांग की.




