सरायकेला : सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के दलमा जंगल की तराई में बसे आदिवासी बाहुल्य गांव में पिछले छः दिनों से बिजली गुल है. साथ ही भीषण गर्मी में जनजीवन अस्तव्यस्त हैं. जिससे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में भी बुरा असर पड़ रहा है. बता दें कि आसनबनी पंचायत एदेलबेडा गांव में आंधी की वजह से 11 हजार वोल्ट का पोल गिर गया था. जिससे इलाके में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी है. ग्रामीणों ने कई बार चांडिल बिजली विभाग के पदाधिकारियों को सूचना दिया. मगर विभागीय अधिकारियों ने अबतक सुध नहीं ली है. पारंपरिक ग्राम प्रधान मान सिंह मार्डी ने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारियों को मौखिक, व्हाट्सएप एवं दूरभाष के जरिये सूचना दी गयी है, बावजूद इसके अबतक कोई पहल नहीं की गयी है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है.















