चाकुलिया : विगत सोमवार को आई तेज आंधी एवं बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश गांवों में आज भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है. तेज आंधी के कारण बिजली के कई खंभे गिर जाने और तार टूट जाने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आज लगातार तीसरे दिन बिजली से वंचित हैं. हालांकि बाजार क्षेत्र में दूसरे दिन ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो गयी, किन्तु उत्तरी क्षेत्र के अधिकांश गांवों में अभी तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है, जिसके कारण लोग गर्मी से बेहाल हो रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञात हो कि चाकुलिया सीएचसी परिसर में बिजली का कनेक्शन ग्रामीण क्षेत्र के साथ जुड़े होने के कारण सीएचसी में भी विगत तीन दिनों से बिजली नहीं है. सीएचसी में बिजली नहीं होने के कारण सीएचसी परिसर में रह रहे स्वास्थ्य कर्मी भी गर्मी से बेहाल हैं. वहीं लोग पेयजल की समस्या से भी जूझ रहे हैं. स्वास्थ्य कर्मियों के बीच इन दिनों टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि सीएचसी में बिजली नहीं होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.














