सरायकेला: शुक्रवार को महिलाओं ने भक्ति व श्रद्धा के साथ वट- सावित्री की पूजा करते हुए पति की दीर्घायु की कामना की. इस दौरान महिलाएं हाथ में कच्चा सूत लेकर वट वृक्ष का परिक्रमा करती हैं. प्रत्येक परिक्रमा पूरी करने पर महिलाएं फल चढ़ाती हैं. दूसरी ओर दोपहर बाद सरायकेला में अचानक मौसम में बदलाव से बड़ा हादसा हुआ है. जहां तेज आंधी-पानी के बीच हुए वज्रपात से सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत अनुमंडल कार्यालय से 50 मीटर की दूरी पर स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर प्रांगण में लहलहाते पीपल के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से अचानक पीपल के पेड़ में आग लग गई और देखते ही देखते पीपल का पेड़ धू-धूकर जल उठा. (नीचे भी पढ़े)
हैरान करने वाली बात यह रही कि अनुमंडल कार्यालय एवं नगर पंचायत कार्यालय से 50 मीटर की दूरी पर स्थित होने के बाद भी दमकल विभाग की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची. उधर मामले की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज चौधरी मौके पर पहुंचे और नगर पंचायत से हाइड्रा गाड़ी मंगवा कर जल का छिड़काव कराया और आग को फैलने से रोका गया. जब आग लगभग बुझ चुकी तब दमकल विभाग की गाड़ी खानापूर्ति के लिए मौके पर पहुंची. (नीचे भी पढ़े)
जिस पर नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज चौधरी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे घोर लापरवाही बताया. इससे पूर्व स्थानीय लोगों ने कई बार दमकल विभाग को सूचना देने का प्रयास किया, मगर दमकल विभाग के सभी मोबाइल स्विच ऑफ मिले जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. लोग अपने- अपने घरों से पानी लेकर आग बुझाने में जुटे रहे.




