जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा कॉलोनी में जलापूर्ति योजना की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. इसको लेकर वर्तमान में जो पानी की आपूर्ति 1140 मकानों में हो रहा है, उसमें भी भरी गरमी के मौसम में बंद हो गया है. बताया जाता है कि मोटर खराब होने के कारण पानी की आपूर्ति बंद हो गयी है. वहीं, बागबेड़ा के वर्तमान जलापूर्ति व्यवस्था को फिल्टर प्लांट से कराने के लिए हुए टेंडर के मामले में जमशेदपुर डीसी के कोर्ट में सुनवाई हुई. इस सुनवाई के दौरान पेयजल विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर ने अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें बताया कि एक करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से फिल्टर प्लांट बिष्टुपुर में बनाया जा रहा है. फिल्टर प्लांट का टेंडर हो चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
कदमा के किसी ठेकेदार को यह टेंडर दिया गया है. इसके तहत करीब 15 माह में इसका काम पूरा कर लिया जायेगा. दूसरी ओर, बागबेड़ा जलापूर्ति योजना और लोगों को फिल्टर प्लांट का पानी पिलाने को लेकर आंदोलन चलाने वाले भाजपा नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध झा ने डीसी कोर्ट में कहा कि जब तक फिल्टर प्लांट का काम पूरा नहीं हो जाता है, तब तक टाटा स्टील के राइजिंग पाइप से पानी की आपूर्ति शुरू कर दिया जाये या फिर जुगसलाई में जिस तरह से वाटर का सप्लाइ हो रहा है, उसके माध्यम से बागबेड़ा को भी पानी दे दिया जाये. डीसी ने कहा कि इन दोनों विकल्पों को लेकर विचार किया जायेगा.



