गालूडीह : गालूडीह बाजार स्थित एक कपड़ा दुकान में शुक्रवार को नया दुकानदार बैठा देख लोग एक पल के लिए चौंक गये. दुकान से असली दुकानदार तो गायब था और नये दुकानदार के रूप में गद्दी संभाल रहा था एक लंगूर जो दुकान में कुछ इस तरह बैठा था मानो वही कपड़े बेच रहा हो. यही नहीं, वह बीच-बीच में सिर हिलाकर बाहर की ओर कुछ ऐसे देख लेता था जैसे किसी ग्राहक के आने का इंतजार कर रहा हो. (नीचे भी पढ़ें)

हुआ कुछ यूं कि शुक्रवार को गालूडीह बाजार स्थित उक्त कपड़ा दुकान में एक लंगूर घुस आया. अचानक लंगूर को दुकान में देख कर दुकानदार डर के मारे गद्दी छोड़ कर दुकान से बाहर भाग गया, जबकि लंगूर ने बाकायदा दुकानदार की जगह गद्दी संभाल ली. लंगूर वहां बैठे लोगों को आते-जाते तो देख ही रहा था, बीच-बीच में दुकानदार की तरह ऐसे सिर आगे कर दुकान के बाहर भी झांक ले रहा था जैसे किसी ग्राहक के आने का इंतजार कर रहा हो.(नीचे भी पढ़ें)

लोगों का कुतूहल और तब चरम पर पहुंच गया जब कुछ देर तक दुकान में किसी के नहीं पहुंचने पर लंगूर ने दुकान में इधर-उधर रखे कपड़े खुद समेटना शुरू कर दिया. उधर दुकान के बाहर खड़े दुकानदार के साथ अन्य तमाशबीन भी कौतुहल से देखते रहे कि लंगूर अगले पल क्या करता है. कुछ मिनट तक लंगूर ऐसे ही दुकानदारी चलाता रहा, लेकिन जैसे किसी ग्राहक के नहीं आने से ऊब कर थोड़ी देर बाद वह बड़ी बेफिक्री से दुकान में ही सो गया.(नीचे भी पढ़ें)
उधर बाहर यह नजारा देख रहे लोग उत्सुकता से सांसें रोके देखते रहे कि इसके बाद क्या होने वाला है. हालांकि कुछ मिनटों के बाद लंगूर खुद ही दुकान से बाहर निकल कर एक ओर चला गया, इसके बाद दुकानदार की जान में जान आयी और इसके बाद ही वह दुकान के अंदर आ पाया. उधर तमाशबीनों एवं बाजार के अन्य लोगों के बीच इस वाकये को लेकर देर तक चर्चाएं चलती रहीं. लोग इसको लेकर तरह-तरह की बातें करते रहे.




