रामगोपाल जेना/ चक्रधरपुर:पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से दंपती की हत्या कर देने का मामले में पुलिस ने 24 घंटे में कामयाबी हासिल किया है. पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर मामले का उद्भेदन कर दिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए टांगी और दाऊली को बरामद कर लिया है. घटना के संबंध में पोड़ाहाट डीएसपी कपिल चौधरी ने चक्रधरपुर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जमीन विवाद के कारण कराईकेला थाना क्षेत्र के जोमरो गांव के गुटुसाईं टोला में हुए बुजुर्ग दंपति हत्या करने में 20 वर्षीय देवा दिग्गी उर्फ़ दासो दिग्गी है. जो की बुजुर्ग दंपत्ति का पड़ोसी है. इस मामले में देवा दिग्गी ने अपने दोस्त विशाल सरदार उर्फ़ मोरन सिंह सरदार के साथ मिलकर धारदार हथियार एक कुल्हाड़ी और लोहे के दो दाऊली से हमला कर हत्या कर दिया था. पुलिस ने वैधानिक तरीकों से मामले के साक्ष्य जुटाए, वहीं शक होने पर देवा दिग्गी को गिरफ्तार किया. पुलिस ने जब देवा दिग्गी से पूछताछ की तो उसने हत्या का सारा राज़ खोल दिया और अपनी संलिप्तता स्वीकार की.(नीचे भी पढ़े)
उसने बताया कि जमीन विवाद के कारण दोनों बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या अपने साथी विशाल सरदार के साथ मिलकर की थी. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किये गए एक कुल्हाड़ी और लोहे के दो दाऊली भी बरामद कर लिया है. बता दें कि रविवार रात को कराईकेला थाना के गुटुसाईं गांव निवासी 60 साल के साकारी दिग्गी और पत्नी 52 साल की बादगी दिग्गी की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गयी थी. जब दोनों अपने घर के बाहर रात में सो रहे थे. सोमवार सुबह घर के बाहर दोनों की खून से सनी चारपाई में लाश देख इसकी सूचना पुलिस को दी गयी थी. जिसके बाद पुलिस ने अनुसंधान कर महज 24 घंटे में हत्यारे को सलाखों के पीछे डाल दिया है. इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने व हत्यारों को पकड़ने में कराईकेला थाना प्रभारी दीपक क्रियेसन, पुलिस अवर निरीक्षक पिंटू कुमार, सुशील कुमार, राकेश कुमार और कराईकेला थाना के सशस्त्र बल का अहम् योगदान रहा.











