जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची बाजार शिव मंदिर में श्रावण मास के अवसर पर आगामी 11 जुलाई, मंगलवार को लगातार दूसरे वर्ष सहस्र घट जलाभिषेक किया जायेगा. इस अनुष्ठान में सुल्तानगंज से लाये सहस्र घट गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया जाता है. शिव मंदिर कमेटी के लालचंद्र अग्रवाल एवं बबलू अग्रवाल द्वारा अपने पिता, स्व विनोद कुमार अग्रवाल की स्मृति में इस अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
मंगलवार सुबह 10 बजे से शिव पूजन तथा दोपहर 12.30 बजे से सुलतानगंज से टैंकर में आये गंगाजल से भोले बाबा का सहस्त्रघट जलाभिषेक किया जायेगा. संध्या 5 बजे से भोले बाबा का विशेष शृंगार एवं महाआरती होगी. मंगलवार को दिन भर ॐ नमः शिवाय, जय जय भोलेनाथ, हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर गूंजेगा. इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में प्रमुख रूप से अग्रवाल परिवार के साथ साकची शिव मंदिर कमेटी के लोग भी लगे हुए हैं.











