पटना : झारखंड प्रदेश जदयू के अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पार्टी के सर्वमान्य नेता सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. पटना में 1, अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के समय पार्टी के प्रदेश प्रभारी सह बिहार के मंत्री डॉ अशोक चौधरी भी शामिल थे. प्रतिनिधिमंडल में झारखंड प्रदेश जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य खीरू महतो के साथ झारखंड प्रदेश जदयू के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्रवण कुमार, युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सिंह, युवा नेता एवं मांडू के पूर्व प्रत्याशी दुष्यंत कुमार पटेल, पार्टी के धनबाद जिला अध्यक्ष पिंटू सिंह व धनलाल दुबे शामिल थे.(नीचे भी पढ़ें)

झारखंड प्रदेश जदयू के प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी नेता नीतीश कुमार से मिलकर मार्गदर्शन प्राप्त किया एवं झारखंड में पार्टी के द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी, साथ ही संगठन के बारे में विस्तृत लिखित रिपोर्ट सौंपी. नीतीश कुमार ने झारखंड में संगठन को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया, साथ ही आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के लिए मजबूती के साथ तैयारी करने का भी दिशा निर्देश दिया.











